-->
जमुई में गर्मी से पहले पेयजल संकट से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने चापाकल मरम्मत दल को किया रवाना

जमुई में गर्मी से पहले पेयजल संकट से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने चापाकल मरम्मत दल को किया रवाना



आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए जमुई जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार (भा.प्र.से.) ने समाहरणालय परिसर से विशेष रूप से गठित चापाकल मरम्मत दलों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के दूर-दराज क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराना है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और तकनीकी कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में ग्रामीण इलाकों में जलस्तर गिरने और तकनीकी खराबी के कारण पेयजल संकट उत्पन्न हो जाता है। ऐसे में जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी चापाकल लंबे समय तक खराब न रहे। उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में खराब चापाकलों की पहचान कर युद्धस्तर पर मरम्मत का कार्य सुनिश्चित करें। व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पीएचईडी द्वारा प्रत्येक प्रखंड में अलग-अलग तकनीकी टीमों का गठन किया गया है, जिसमें कनीय अभियंता के साथ कुशल मैकेनिकों को शामिल किया गया है। इसके अलावा जिला मुख्यालय में एक पेयजल नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 8544428957 है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर अपने क्षेत्र के खराब चापाकल की सूचना दे सकते हैं, जिस पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पूरे अभियान की निगरानी के लिए सहायक अभियंता स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो कार्यपालक अभियंता के नेतृत्व में कार्य करेंगे।

0 Response to "जमुई में गर्मी से पहले पेयजल संकट से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने चापाकल मरम्मत दल को किया रवाना"

Post a Comment

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article