Jamui News: राष्ट्रीय मत्स्य दिवस पर आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर, सैकड़ों मत्स्य पालक हुए शामिल
Friday
Comment
राष्ट्रीय मत्स्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला मत्स्य कार्यालय, जमुई द्वारा एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों मत्स्य पालकों ने भाग लिया। इस दौरान वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीक के माध्यम से मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला मत्स्य पदाधिकारी सर्वोत्तम कुमार ने कहा कि मत्स्य पालन आज किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। सरकार द्वारा मत्स्य क्षेत्र के विकास के लिए कई कल्याणकारी एवं अनुदान आधारित योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर किसान आधुनिक तरीके से मत्स्य पालन करें। इस अवसर पर अधिकारियों ने उन्नत मत्स्य बीज, तालाब प्रबंधन, संतुलित आहार, मत्स्य रोग नियंत्रण तथा वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक किसानों से लाभ लेने की अपील की गई। कार्यक्रम में मौजूद मत्स्य पालकों ने अपने अनुभव साझा किए और विभागीय अधिकारियों के समक्ष विभिन्न समस्याएं भी रखीं। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आधुनिक तकनीक अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर मत्स्य उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। इस मौके पर मत्स्य प्रसार पदाधिकारी संतोष कुमार चौबे, मत्स्य विकास पदाधिकारी पल्लवी कुमारी, सोनाली कुमारी, मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्री सुनील पाल, झाझा मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्य सिकंदर कुमार सहित बड़ी संख्या में मत्स्य पालक उपस्थित रहे।

0 Response to "Jamui News: राष्ट्रीय मत्स्य दिवस पर आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर, सैकड़ों मत्स्य पालक हुए शामिल"
Post a Comment