जमुई में भाकपा माले का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
Monday
Comment
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, नई शिक्षा नीति (NEP-2020) को वापस लेने, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर सोमवार को भाकपा माले, छात्र संगठन आइसा और आरवाईए के कार्यकर्ताओं ने जमुई के कचहरी चौक पर प्रतिरोध सभा आयोजित की। सभा की अध्यक्षता नौजवान सभा के जिला संयोजक राहुल यादव ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव शंभू शरण सिंह ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गहरे संकट से गुजर रही है। उनका आरोप था कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं से करोड़ों छात्र-युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं, भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह ने कहा कि पर्यावरणविद सोनम वांगचुक, आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा वोरा सहित अन्य लोग दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय से आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। वक्ताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्र-युवाओं पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों की आवाज को दबाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सभा में मौजूद नेताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर बासुदेव राय, जयराम तुरी, मोहम्मद हैदर, किरण गुप्ता, ब्रह्मदेव ठाकुर, दामोदर पासवान, संगीत कुमारी, सविता देवी, अनिता देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Response to "जमुई में भाकपा माले का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग"
Post a Comment