खैरा बुनियाद केंद्र में वयोवृद्ध उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन
Saturday
Comment
जमुई। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जमुई द्वारा शनिवार को बुनियाद केंद्र खैरा में ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ के अंतर्गत इंटर-जनरेशनल बॉन्डिंग एक्टिविटीज के तहत “वयोवृद्ध उन्मुखीकरण-सह-संवेदीकरण” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्रदान करना था। कार्यशाला में अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना वृद्धजनों के स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान ‘माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम’ के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वरिष्ठ नागरिक अपने कानूनी अधिकारों से अवगत हो सकें। कार्यक्रम में आयोजित खुली चर्चा के दौरान वृद्धजनों ने अपने अनुभव साझा किए और वर्तमान समय में आने वाली विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर उनकी बेटियों और बहुओं की भागीदारी भी देखने को मिली, जिससे पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश मिला। सामाजिक सुरक्षा कोषांग और बुनियाद केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, जैसे फिजियोथेरेपी और परामर्श के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही बताया गया कि आगामी 10 मार्च से बुनियाद केंद्र में ‘वसुधा केंद्र’ की सेवाएं निशुल्क शुरू की जाएंगी, जिससे वृद्धजन अपने घर के नजदीक ही पेंशन, प्रमाण पत्र और अन्य ऑनलाइन सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
आकाश राज की रिपोर्ट

0 Response to " खैरा बुनियाद केंद्र में वयोवृद्ध उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन"
Post a Comment