कर्णगढ़ के पीडीएस डीलर पर राशन कटौती और रिश्वत लेने का आरोप, डीएम से जांच की मांग
Friday
Comment
जमुई। जिले के चकाई प्रखंड अंतर्गत कर्णगढ़ गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। गांव के निवासी ईश्वर कुमार तुरी ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर कर्णगढ़ के पीडीएस डीलर एवं संबंधित मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कर्णगढ़ के पीडीएस डीलर विष्णु झा (पीडीएस कोड-124000100303) द्वारा राशन वितरण के दौरान लाभुकों को मिलने वाले खाद्यान्न में कथित रूप से कटौती की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि गरीब एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को मिलने वाले राशन में कमी कर दी जाती है और इस संबंध में शिकायत करने पर उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 28 फरवरी 2026 को राशन वितरण के दौरान पीडीएस डीलर और संबंधित एमओ के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो मौजूद है। शिकायतकर्ता का दावा है कि उक्त वीडियो में राशन कटौती और कथित रिश्वत से जुड़ी बातें सामने आती हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है और गरीब लाभार्थियों के अधिकारों का उल्लंघन है। पीडीएस व्यवस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को निर्धारित मात्रा में सस्ती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना है, लेकिन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें चिंता का विषय हैं। शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित पीडीएस डीलर और अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कर्णगढ़ गांव के कई ग्रामीण जांच में सहयोग करने और आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराने को तैयार हैं। वहीं इस संबंध में चकाई के मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) मुकेश कुमार ने कहा कि उनके पास अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 Response to "कर्णगढ़ के पीडीएस डीलर पर राशन कटौती और रिश्वत लेने का आरोप, डीएम से जांच की मांग"
Post a Comment