जमुई में 50 बेड वाले वृद्धा आश्रम का उद्घाटन
Monday
Comment
जमुई नगर परिषद द्वारा निर्मित 50 बेड वाले वृद्धा आश्रम का उद्घाटन सोमवार को किया गया। शहर के झाझा बस स्टैंड स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप बने इस वृद्धा आश्रम का लोकार्पण जिलाधिकारी नवीन एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से किया। यह वृद्धा आश्रम उन बुजुर्गों के लिए स्थापित किया गया है, जिनका कोई सहारा नहीं है या जिन्हें उनके बच्चों अथवा परिजनों द्वारा उपेक्षित छोड़ दिया गया है। नगर परिषद की इस पहल का उद्देश्य निराश्रित वृद्धजनों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। वर्तमान में वृद्धा आश्रम में 50 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां रहने वाले बुजुर्गों को आवास, नियमित भोजन, स्वास्थ्य जांच, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर और निश्चिंत जीवन जीने में सहायता मिल सके। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी नवीन ने कहा कि यह वृद्धा आश्रम समाज के कमजोर और उपेक्षित वर्ग के लिए एक सराहनीय पहल है। उन्होंने इसके निर्माण और संचालन के लिए नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि इससे पूर्व चकाई प्रखंड में एक वृद्धा आश्रम सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है, और अब इस नए आश्रम के शुरू होने से जिले में निराश्रित बुजुर्गों के लिए सुविधाओं का और विस्तार हुआ है। वृद्धा आश्रम के शुभारंभ से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और इसे सामाजिक सरोकार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

0 Response to "जमुई में 50 बेड वाले वृद्धा आश्रम का उद्घाटन"
Post a Comment