जिलाधिकारी व एसपी ने महिसौरी चौक और बुधवान तालाब का किया निरीक्षण
Monday
Comment
जमुई शहर को जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कचहरी चौक, महिसौरी चौक तथा बुधवान तालाब क्षेत्र में जाम की स्थिति, यातायात व्यवस्था एवं सुंदरीकरण से जुड़े बिंदुओं का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी और एसपी ने नगर परिषद अध्यक्ष एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ घंटों विचार-विमर्श किया। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी हाल में शहर को जाम की समस्या से मुक्त करना प्राथमिकता है। साथ ही जमुई शहर को सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिसौरी चौक पर सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेला, मछली विक्रेताओं एवं अन्य अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी ने नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और नाले के ऊपर किसी भी प्रकार की दुकान नहीं लगाई जाएगी। नाले के बाद ही दुकानों की अनुमति होगी, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद अध्यक्ष लोलाे ने महिसौरी चौक एवं बुधवान तालाब चौक पर स्थित सरकारी जमीन की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। साथ ही हाई मास्क लाइट एवं अन्य विकास कार्यों से संबंधित बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हर एक बिंदु पर बारीकी से अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक पहल से यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में जमुई शहर जाम और अव्यवस्था की समस्या से काफी हद तक मुक्त होगा तथा शहर का सौंदर्यीकरण भी नए रूप में दिखाई देगा। इस निरीक्षण में जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के अलावा डीटीओ, एडीएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं नगर परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 Response to "जिलाधिकारी व एसपी ने महिसौरी चौक और बुधवान तालाब का किया निरीक्षण"
Post a Comment