समस्याओं के बावजूद नहीं टूटा संकल्प, 529वीं रविवारीय साइकिल यात्रा सफल
Saturday
Comment
सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार चल रही साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई (रजिस्टर्ड) के तत्वावधान में रविवार को 529वीं रविवारीय साइकिल यात्रा बिठलपुर ग्राम में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद यात्रा का संकल्प कमजोर नहीं पड़ा। यात्रा से जुड़े सदस्यों ने बताया कि इस सप्ताह नियमित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी चुनौती सामने आई। वन विभाग की नर्सरी का स्थानांतरण सिकरिया ग्राम हो जाने के कारण पौधों की उपलब्धता नहीं हो सकी। इसके बावजूद साइकिल यात्रियों ने अपने खर्च पर पौधे क्रय कर यात्रा की निरंतरता बनाए रखी और बिठलपुर ग्राम में लकड़ी एवं फलदार पौधों का रोपण किया। साइकिल यात्रा की शुरुआत श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम से हुई, जो नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बिठलपुर ग्राम पहुंची। इस दौरान यात्रियों ने ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और नियमित व्यायाम के महत्व के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अपने घरों, विद्यालयों और खाली पड़ी भूमि पर पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने में सहयोग करें। यात्रा का नेतृत्व कर रहे गुंजन मिश्रा ने कहा कि संसाधनों की कमी या प्रशासनिक परिस्थितियां किसी जनआंदोलन की गति को रोक नहीं सकतीं। हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति सामूहिक चेतना का निर्माण करना है। उल्लेखनीय है कि लगातार 529 सप्ताह से अनवरत चल रही यह साइकिल यात्रा अब एक सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, बल्कि लोगों को स्वस्थ, जागरूक और समाज के प्रति उत्तरदायी बनने की प्रेरणा भी दे रहा है। इस अवसर पर गोलू कुमार, श्रीकांत राज हंस, गुंजन मिश्रा, सत्यम कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, राकेश कुमार, रामप्रवेश कुमार, रवि मिश्रा, शिवम कुमार सहित कई नागरिक उपस्थित रहे।

0 Response to "समस्याओं के बावजूद नहीं टूटा संकल्प, 529वीं रविवारीय साइकिल यात्रा सफल"
Post a Comment