25 लाख महिलाओं के खातों में भेजी गई राशि, जमुई की 56,777 महिलाएं हुईं लाभान्वित
Monday
Comment
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सोमवार, 16 फरवरी 2026 को माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य की 25 लाख महिलाओं के खातों में प्रति महिला 10 हजार रुपये की दर से कुल 2500 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जमुई जिले की 56,777 महिलाएं भी लाभान्वित हुईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत जमुई जिले में अब तक कुल 3 लाख 22 हजार से अधिक महिलाओं को प्रथम किस्त का लाभ दिया जा चुका है।
यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर समाहरणालय जमुई स्थित संवाद कक्ष में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री नवीन, उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, डीपीएम जीविका श्री संजय कुमार, जीविका जमुई के विषयगत प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां पूरे उत्साह के साथ उपस्थित रहीं। सभी ने कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक देखा और सुना। जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय कुमार ने बताया कि सोमवार को 56,777 महिलाओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि अंतरित की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना से लाभान्वित कई महिलाएं अब पशुपालन, सिलाई-कढ़ाई, किराना दुकान, ब्यूटी पार्लर सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियां शुरू कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जमुई जिले में अब तक कुल 3,22,301 महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10 हजार रुपये की सहायता राशि स्वरोजगार के लिए उपलब्ध कराई जा चुकी है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी दसों प्रखंड मुख्यालयों एवं संकुल स्तरीय संघों में भी किया गया। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में उभर रही है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दे रही है।


0 Response to " 25 लाख महिलाओं के खातों में भेजी गई राशि, जमुई की 56,777 महिलाएं हुईं लाभान्वित"
Post a Comment