वन विभाग जमुई ने झंडी दिखाकर किया जंगल बचाओ यात्रा’ का शुभारंभ
Wednesday
Comment
वन विभाग जमुई के तत्वावधान में मंगलवार को ‘जंगल बचाओ यात्रा’ का विधिवत शुभारंभ वन प्रमंडल कार्यालय, जमुई से किया गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री तेजस जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। जमुई की पहचान उसके प्राकृतिक सौंदर्य और जंगलों से रही है। इस प्रकार की यात्राएं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरण का सशक्त माध्यम बनती हैं। यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए खैरा प्रखंड के अमारी पंचायत अंतर्गत डुमरकोला गांव पहुंची, जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए गांव के एक किसान ने कहा कि जंगल से ही खेतों को पानी मिलता है। यदि पेड़ों की कटाई होती रही, तो आने वाले समय में खेती करना कठिन हो जाएगा। उन्होंने यात्रा का समर्थन करने की बात कही। इसके बाद यात्रा गोपालपुर पंचायत के ढाब गांव पहुंची, जहां ग्राम स्तर पर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं किसानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर फोरेस्टर अभिषेक कुमार ने कहा कि जंगल हमारे पर्यावरण का आधार हैं।
यदि सभी मिलकर जंगलों में लगने वाली आग, अवैध कटाई और शिकार पर रोक लगाएं, तो जंगलों को सुरक्षित रखा जा सकता है। वन विभाग समुदाय के साथ मिलकर कार्य करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंचायत मुखिया प्रतिनिधि पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि ग्राम सभा के माध्यम से जंगल संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। पंचायत स्तर पर ‘जंगल सुरक्षा समिति’ का गठन कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान महिला समूहों ने जंगलों में आग रोकने और संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया, वहीं युवाओं ने निगरानी दल गठित करने की घोषणा की। यात्रा के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से शपथ ली जंगल बचेगा, तो जीवन बचेगा। बताया गया कि आने वाले दिनों में यह यात्रा अन्य पंचायतों में भी आयोजित की जाएगी, जिससे व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से जंगल संरक्षण को और सुदृढ़ किया जा सके। उल्लेखनीय है कि यह यात्रा मुंगेर, जमुई, लखीसराय एवं नवादा जिलों के 25 ग्राम पंचायतों में रीजेनेरेटिव बिहार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय नागरिक संगठनों, मुखिया महासंघ एवं पर्यावरण प्रेमियों के सहयोग से संचालित की जा रही है। 17 से 28 फरवरी 2026 तक चलने वाली जंगल–जल–जानवर–जन–जमीन संरक्षण यात्रा का उद्देश्य गर्मी के मौसम में जंगलों में लगने वाली आग को नियंत्रित करना, जंगलों में जल संग्रह को बढ़ावा देना तथा स्थानीय प्राकृतिक वृक्षों के माध्यम से हरित आवरण को सुदृढ़ करना है।


0 Response to "वन विभाग जमुई ने झंडी दिखाकर किया जंगल बचाओ यात्रा’ का शुभारंभ"
Post a Comment