सेवा धाम आश्रम पहुँचे डीएम-एसपी, शिव शक्ति महायज्ञ की सुरक्षा व व्यवस्था का किया निरीक्षण
Friday
Comment
शिव शक्ति महायज्ञ की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का प्रशासन ने लिया जायजा सेवा धाम आश्रम पहुँचे डीएम व एसपी, खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर शांतिपूर्ण होली का दिया संदेश जमुई जिले के सिमुलतला स्थित सेवा धाम आश्रम में आगामी 8 मार्च से 17 मार्च तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘शिव शक्ति महायज्ञ’ की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। इस भव्य धार्मिक आयोजन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का जायजा लेने हेतु गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्री नवीन एवं पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से आश्रम परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा करते हुए यज्ञशाला निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने हेतु बनाए जा रहे विशाल पंडाल, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा सुगम आवागमन की तैयारियों का सूक्ष्म अवलोकन किया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए कि दस दिनों तक चलने वाले इस महासमागम में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण करने का निर्देश दिया।
सेवा धाम आश्रम में व्यवस्थाओं की समीक्षा के उपरांत जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ झाझा स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर पहुँचे। यहाँ उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले तथा प्रदेश की शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। इस अवसर पर आगामी होली पर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएँ। अधिकारियों ने कहा कि रंगों का यह पर्व सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जिसे शांतिपूर्ण वातावरण में मनाकर एक-दूसरे के प्रति सद्भावना का संदेश देना चाहिए।


0 Response to "सेवा धाम आश्रम पहुँचे डीएम-एसपी, शिव शक्ति महायज्ञ की सुरक्षा व व्यवस्था का किया निरीक्षण"
Post a Comment