
श्रावण महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की बैठक सम्पन्न
Thursday
Comment
ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के जमुई जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को जिलाध्यक्ष प्रवीण सिन्हा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी “श्रावण महोत्सव 2025” की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। यह महोत्सव आगामी 3 अगस्त (रविवार) को बड़े ही भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। आयोजन स्थल की घोषणा अगले 24 घंटे में की जाएगी। खास बात यह रही कि इस बार महिलाओं और बच्चों की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जीकेसी की ओर से आगामी रविवार को कांवरिया धर्मशाला में सेवा शिविर लगाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु कांवरियों के लिए जलपान, प्राथमिक चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था रहेगी। इसमें कायस्थ समाज के युवा सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। बैठक में आगामी चुनावों में चित्रांश समाज की भागीदारी को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। सभी सदस्यों ने समाज की राजनीतिक भागीदारी को प्रभावशाली बनाने पर जोर दिया। रणनीति का उद्देश्य समाज को संगठित कर निर्णायक भूमिका निभाना है। जीकेसी ने संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान और कोष सुदृढ़ीकरण योजना शुरू करने का निर्णय लिया। ग्राम, पंचायत और प्रखंड स्तर पर युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। श्रावण महोत्सव के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए प्रख्यात अतिथियों को आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है, जिससे आयोजन को और अधिक गरिमा प्राप्त हो सके। बैठक में राजकिशोर सिन्हा, प्रशांत सिन्हा, प्रभात सिन्हा, अभिषेक सिन्हा, भूपेंद्र सिन्हा, सत्येंद्र शंकर प्रसाद, विकास सिन्हा, विवेक सिन्हा और रितेश सिन्हा सहित कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी सदस्यों ने श्रावण महोत्सव को कायस्थ समाज की एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनाने का संकल्प लिया।
0 Response to "श्रावण महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की बैठक सम्पन्न"
Post a Comment