-->
मंत्री सुरेन्द्र कुमार मेहता का ऐलान: 2000 लोगों को मिलेगा रोजगार, केज फिशरी से बढ़ेगा मत्स्य उत्पादन

मंत्री सुरेन्द्र कुमार मेहता का ऐलान: 2000 लोगों को मिलेगा रोजगार, केज फिशरी से बढ़ेगा मत्स्य उत्पादन



खैरा प्रखंड स्थित गरही डैम का बुधवार को बिहार सरकार के मत्स्य, डेयरी एवं पशुपालन मंत्री सुरेन्द्र कुमार मेहता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डैम में संचालित एवं प्रस्तावित केज फिशरी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि गरही डैम में केज फिशरी योजना के माध्यम से करीब 2000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे न केवल मत्स्य उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं और मछुआरों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। मत्स्य पदाधिकारी एस के चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत कुल 468 केज लगाए जाने हैं, जिनमें से अब तक 316 केज स्थापित किए जा चुके हैं। प्रत्येक केज यूनिट की लागत लगभग 3 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि अगले 5 वर्षों में 60 एकड़ जलाशय क्षेत्र में केज फिशरी का विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में इन केजों के माध्यम से करीब 12 लाख मछलियों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मत्स्य विभाग द्वारा गरही डैम की 5 वर्षों के लिए 32 लाख 64 हजार रुपये की बंदोबस्ती की गई है। वहीं, मंत्री ने कहा कि भविष्य में योजना का और विस्तार करते हुए 40 लाख मछलियों के पालन के लिए अतिरिक्त केज लगाए जाएंगे।

मंत्री सुरेन्द्र कुमार मेहता ने कहा कि यह परियोजना स्थानीय युवाओं और मछुआरों के लिए रोजगार का मजबूत साधन बनेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देगी। उन्होंने कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मंत्री ने गौ-रक्षा और गौ-पालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया और गोमूत्र को लाभकारी बताते हुए इसके उपयोग की बात कही।

मंत्री ने बताया कि जल्द ही करीब 2000 मछुआरों को मत्स्य पालन कार्यों से जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें नियमित रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार को लेकर गंभीर है और जीविका योजना के माध्यम से भी लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Response to "मंत्री सुरेन्द्र कुमार मेहता का ऐलान: 2000 लोगों को मिलेगा रोजगार, केज फिशरी से बढ़ेगा मत्स्य उत्पादन"

Post a Comment

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article