मुख्य सचिव के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बनाई कार्ययोजना, बुनियादी सुविधाओं से लेकर पर्यटन तक पर फोकस
Sunday
Comment
बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जमुई के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण मंथन किया गया। बैठक में चोरमारा, गुरमाहा, मुसहरी टांड़, बोंगी और बनमुरिया जैसे सुदूरवर्ती इलाकों में शासन की पहुंच मजबूत करने और विकास कार्यों को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।मुख्य सचिव ने जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, संचार नेटवर्क और पर्यटन की संभावनाओं का व्यापक आकलन कर ठोस प्रस्ताव शीघ्र भेजे जाएं, ताकि योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य शुरू किए जा सकें। जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) ने निर्देशों के अनुपालन के लिए तत्परता दिखाते हुए जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन इन क्षेत्रों के समग्र उत्थान को प्राथमिकता देते हुए कार्ययोजना तैयार कर रहा है। गौरतलब है कि वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में इन पूर्व नक्सल प्रभावित इलाकों के मूल मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराकर प्रशासन ने अपनी प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया था। लंबे समय बाद ग्रामीणों ने अपने मूल मतदान केंद्रों पर मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, जिससे उनमें सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई। वर्तमान में जिला प्रशासन इन क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कनेक्टिविटी सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक रणनीति पर काम कर रहा है। साथ ही, पर्यटन की संभावनाओं को विकसित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा तैयार समेकित विकास प्रस्ताव जल्द ही राज्य सरकार को भेजे जाएंगे, जिससे इन क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार हो सकेंगी और लोगों के जीवन में खुशहाली आएगी।

0 Response to "मुख्य सचिव के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बनाई कार्ययोजना, बुनियादी सुविधाओं से लेकर पर्यटन तक पर फोकस"
Post a Comment