18 घंटे से लापता सात वर्षीय बच्ची का शव बरामद, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
Saturday
Comment
निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के पास मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच; सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने की जांच
जमुई नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम से लापता सात वर्षीय बच्ची का शव शनिवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के पास से बरामद किया गया। बच्ची के घर से घटनास्थल की दूरी करीब 50 फीट बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, बच्ची शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे घर से राशन का सामान लेने के लिए निकली थी। रात करीब आठ बजे तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई। रात में पंचायत भी बुलाई गई और परिजन पूरी रात बच्ची को तलाशते रहे। शनिवार सुबह परिजन नगर थाना में बच्ची के लापता होने की सूचना देने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बच्ची की फुफेरी बहन ने शव मिलने की जानकारी दी।
इसके बाद पिता अपने बड़े बेटे के साथ मौके पर पहुंचे। वहां अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के पास बच्ची का शव पड़ा मिला। बच्ची के पिता ने बताया कि शव पर गले के पास निशान दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बच्ची के साथ किसी तरह की वारदात के बाद उसकी हत्या की गई है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वार्ड पार्षद के अनुसार, शुक्रवार शाम बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों के साथ मिलकर काफी खोजबीन की गई थी। शनिवार सुबह मोहम्मद शफीफ के अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के अंदर बच्ची का शव मिला। पार्षद ने भी बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि शुक्रवार को लापता हुई बच्ची का शव निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के पास मिला है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को लगाया गया है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक चप्पल मिलने की बात कही है, जिसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी और मामले का खुलासा किया जाएगा।


0 Response to "18 घंटे से लापता सात वर्षीय बच्ची का शव बरामद, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका"
Post a Comment