बाजार से घर लौटने के दौरान पुरानी बाजार पार्क के समीप हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
Sunday
Comment
जमुई/झाझा: झाझा नगर क्षेत्र के पुरानी बाजार पार्क के समीप रविवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. बीके राय ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान चरघरा मोहल्ला निवासी सिकंदर राम के 32 वर्षीय पुत्र अमित राम उर्फ गोलू के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी आरती देवी ने बताया कि रविवार को वह उपवास पर थीं। उनके पति अमित फल लाने के लिए बाइक से बाजार गए थे। हादसे से करीब पांच मिनट पहले ही अमित से फोन पर उनकी बातचीत हुई थी। बातचीत के कुछ ही देर बाद अमित के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार अमित बाइक से बाजार से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरानी बाजार पार्क के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार अमित राम अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। वह पिकअप वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अमित अपने पीछे माता-पिता, पत्नी आरती देवी और दो पुत्रों सात वर्षीय अविराज और पांच वर्षीय आरव को छोड़ गए हैं। अमित की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पत्नी आरती देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। घटना के बाद चरघरा मोहल्ले में शोक की लहर है। अचानक हुई इस मौत से परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।

0 Response to "बाजार से घर लौटने के दौरान पुरानी बाजार पार्क के समीप हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम"
Post a Comment