बिहार में सियासी हलचल तेज, जदयू की 20 अप्रैल को विधायक दल की बैठक
Thursday
Comment
बिहार की राजनीति में इस समय हलचल तेज हो गई है। नए राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच जदयू ने अपने विधायक दल की अहम बैठक 20 अप्रैल को बुलाने का निर्णय लिया है। यह बैठक पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। बताया जा रहा है कि इससे पहले 14 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक को रद्द कर दिया गया था, लेकिन अब बदलते राजनीतिक हालात के बीच एक बार फिर बैठक बुलाई गई है, जिससे सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार के गठन के बाद यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में जदयू विधायक दल के नेता के चयन पर भी फैसला लिया जा सकता है। इसके साथ ही सरकार में पार्टी की भूमिका और आगे की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। बैठक में नीतीश कुमार समेत पार्टी के सभी विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। यह बैठक उनके नए आवास 7 सर्कुलर रोड पर आयोजित होगी। जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार जल्द ही एक अणे मार्ग स्थित सरकारी आवास खाली कर सकते हैं, जहां बाद में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शिफ्ट होने की संभावना है। वहीं, 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट होने के बाद नीतीश कुमार पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पड़ोसी बन जाएंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बैठक के बाद जदयू की आगामी रणनीति और सरकार में उसकी भूमिका काफी हद तक स्पष्ट हो सकती है।

0 Response to "बिहार में सियासी हलचल तेज, जदयू की 20 अप्रैल को विधायक दल की बैठक"
Post a Comment