जमुई में जुए के फड़ पर छापा, दो सरकारी शिक्षक समेत चार गिरफ्तार
Thursday
Comment
जिले के खैरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध जुआ खेल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सरकारी शिक्षक भी शामिल हैं। यह कार्रवाई खैरा स्थित शिव मंदिर के पीछे कचरा प्रसंस्करण इकाई परिसर में की गई, जहां गुप्त रूप से जुए का खेल संचालित हो रहा था। थानाध्यक्ष मिंटू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और चारों आरोपियों को रंगेहाथ जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार शिक्षकों की पहचान संजय यादव (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, श्रृंगारपुर) और शिव कुमार शर्मा (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नोनियाटांड) के रूप में हुई है। इनके अलावा दीपक मिश्रा और पप्पू साव भी मौके से पकड़े गए। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौके से जुआ खेलने से संबंधित सामग्री भी बरामद की गई है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि शिक्षकों पर समाज में बच्चों को सही दिशा देने की जिम्मेदारी होती है, ऐसे में इस तरह की गतिविधियों में उनकी संलिप्तता चिंताजनक है।थाना प्रभारी मिंटू कुमार ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

0 Response to "जमुई में जुए के फड़ पर छापा, दो सरकारी शिक्षक समेत चार गिरफ्तार"
Post a Comment