जमुई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जीविका दीदियां सम्मानित
Sunday
Comment
Jamui Star News | संवाददाता अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में ‘नारी शक्ति के स्वावलंबन और सामर्थ्य’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी Naveen Kumar ने की। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को हमेशा सम्मान और समानता का स्थान मिला है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज महिलाएं जल, थल और नभ—हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समाज और देश के विकास में अहम योगदान दे रही हैं। डीएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं बल्कि आत्मचिंतन का अवसर भी है। समाज की उन महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ना हमारा सामूहिक दायित्व है जो अभी भी पीछे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य, शिक्षा और अवसरों की समानता को धरातल पर सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में कई जीविका दीदियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इनमें बेबी कुमारी, सुमन कुमारी, पिंकी कुमारी, सुकांती कुमारी और दिव्यांग बबिता देवी शामिल हैं। इन महिलाओं की सफलता की कहानियों ने अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मेनका कुमारी, डीपीएम जीविका संजय कुमार सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिलाओं के सशक्तिकरण और विकसित जमुई के निर्माण का संकल्प लिया।

0 Response to "जमुई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जीविका दीदियां सम्मानित"
Post a Comment