शिकायत के बाद भी नहीं सुधरीं सोलर लाइटें, 22 पंचायतों में ग्रामीण परेशान
मुखिया संघ ने डीपीआरओ को सौंपा आवेदन, 13 पंचायतों में 148 लाइटें खराब होने का दावा
खैरा प्रखंड की 22 पंचायतों में सरकारी योजना के तहत लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइटों के खराब रहने से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की परेशानी बढ़ गई है। मुखिया संघ का कहना है कि कई सोलर लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। संबंधित एजेंसी और प्रखंड स्तर के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक सभी खराब लाइटों की मरम्मत नहीं कराई गई है। सोमवार को खैरा प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह मांगोबंदर पंचायत के मुखिया रमेश पासवान के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल समाहरणालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार को आवेदन सौंपकर खराब सोलर लाइटों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में मुखिया प्रतिनिधि पुरुषोत्तम सिंह, विनोद यादव, योगेंद्र राम, पप्पू मोदी, दिवाकर कुमार दास समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।
13 पंचायतों में 148 सोलर लाइट खराब जनप्रतिनिधियों की ओर से सौंपे गए आवेदन के अनुसार, 13 पंचायतों में कुल 148 सोलर स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की शिकायत की गई है। पंचायतवार आंकड़ों के अनुसार राज दाबिल पंचायत में 10, खड़ाईच में 8, मांगोबंदर में 9, गरही में 8, नीमनवादा में 15, झुण्डो में 17, रायपुरा में 20, हरनी में 8, कागेश्वर में 12, गोपालपुर में 9, जीत भिगोई में 8, चुआं में 11 और खैरा पंचायत में 13 सोलर लाइटें खराब बताई गई हैं। मुखिया संघ का दावा है कि इन 13 पंचायतों के अलावा प्रखंड की अन्य पंचायतों में भी कई सोलर लाइटें खराब पड़ी हैं।


0 Response to "शिकायत के बाद भी नहीं सुधरीं सोलर लाइटें, 22 पंचायतों में ग्रामीण परेशान"
Post a Comment