5 से 6 साल बाद गांधी लाइब्रेरी बैडमिंटन हॉल का कायाकल्प, खिलाड़ियों में खुशी
Saturday
Comment
करीब पांच से छह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद गांधी लाइब्रेरी स्थित बैडमिंटन हॉल को नया और आधुनिक स्वरूप मिल गया है। कोर्ट खराब होने के कारण लंबे समय से खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हॉल के कायाकल्प से जिले के बैडमिंटन खिलाड़ियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। बैडमिंटन हॉल की स्थिति में सुधार को लेकर NIS कोच एवं यूनिवर्सिटी खिलाड़ी ऋषव कुमार, जमुई जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सदस्यों तथा युवा खिलाड़ियों ने लगातार प्रयास किया। इस समस्या को स्थानीय समाचार पत्रों ने भी प्रमुखता से उठाया।
खिलाड़ियों के लगातार प्रयास और समस्या के प्रति प्रशासन की पहल के बाद जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार के सकारात्मक रुख एवं त्वरित पहल से बैडमिंटन हॉल का कायाकल्प संभव हो सका। अब खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास का अवसर मिलेगा। हॉल के नए स्वरूप में तैयार होने से खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह है। खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान से जिले में बैडमिंटन को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का माहौल मिल सकेगा।खेलप्रेमियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में इसी तरह की पहल जारी रहेगी।


0 Response to " 5 से 6 साल बाद गांधी लाइब्रेरी बैडमिंटन हॉल का कायाकल्प, खिलाड़ियों में खुशी"
Post a Comment