संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर जमुई में निकली भव्य कलश यात्रा
Tuesday
Comment
श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जमुई जिला मुख्यालय में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, जमुई ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। यह यात्रा समाहरणालय परिसर से शुरू होकर प्रखंड कार्यालय, जमुई तक पहुंची। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जमुई द्वारा किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला विकास मित्र, जीविका दीदियों तथा विभिन्न विभागों की जिला एवं प्रखंड स्तरीय महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा की अगुवाई जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने की। इस अवसर पर 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और समानता का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में सद्भाव और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन, जमुई की ओर से आयोजित यह कलश यात्रा संत रविदास जी के विचारों के प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

0 Response to "संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर जमुई में निकली भव्य कलश यात्रा"
Post a Comment