CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया सहयोग हेल्पलाइन 1100, जमुई से DM-SP ने लिया हिस्सा
Monday
Comment
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ को धरातल पर उतारने की दिशा में सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यव्यापी सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in का विधिवत लोकार्पण किया। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में जमुई के जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारियों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अब पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर लगाए जाएंगे, जहां आम लोगों की शिकायतें दर्ज कर अधिकतम 30 दिनों के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1100 हेल्पलाइन और सहयोग पोर्टल के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और शिकायतों की मॉनिटरिंग रियल टाइम में की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल बिहार के लोगों के जीवन को और अधिक आसान बनाएगी। कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 19 मई से जिले की सूचीबद्ध पंचायतों में सहयोग शिविर का प्रथम चरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि पोर्टल आधारित व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। डीएम ने अधिकारियों से संवेदनशील और प्रो-एक्टिव तरीके से कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

0 Response to "CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया सहयोग हेल्पलाइन 1100, जमुई से DM-SP ने लिया हिस्सा"
Post a Comment