गरही थाना में चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर की शुरुआत, जमुई पुलिस की नई पहल
Wednesday
Comment
जमुई। बच्चों के लिए सुरक्षित और सहज वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जमुई पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। जिले के गरही थाना परिसर में बच्चों के लिए विशेष रूप से चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर का निर्माण किया गया है, ताकि किसी कारणवश थाना आने वाले बच्चों को भय या असहजता का अनुभव न हो और उन्हें एक सकारात्मक माहौल मिल सके। इस चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर को बच्चों की मनोवैज्ञानिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। कमरे की दीवारों पर रंग-बिरंगी चित्रकारी, बच्चों के खेलने के लिए खिलौने और बैठने की आरामदायक व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही वातावरण को ऐसा बनाया गया है कि बच्चे खुद को सुरक्षित और सहज महसूस कर सकें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार किसी मामले में बच्चों को थाने आना पड़ता है, ऐसे में यह पहल उन्हें मानसिक रूप से सहज रखने में मदद करेगी। पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह की पहल का उद्देश्य समाज और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। बच्चों के अनुकूल माहौल तैयार करने से पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी और लोग बिना किसी डर के अपनी समस्याएं लेकर थाने पहुंच सकेंगे। बिहार पुलिस के तहत चल रही जनपुलिसिंग की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए यह पहल की गई है। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में पुलिस के प्रति भरोसा और सहयोग की भावना और मजबूत होगी।


0 Response to "गरही थाना में चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर की शुरुआत, जमुई पुलिस की नई पहल"
Post a Comment