
राष्ट्रीय सनातन पार्टी के शीर्ष नेताओं का जमुई आगमन, हिन्दू राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रवाद पर जोर
Sunday
Comment
जमुई। राष्ट्रीय सनातन पार्टी (रासपा) के शीर्ष नेतृत्व का जमुई आगमन हुआ। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्वजीत सिंह अनन्त, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य किरण देव गुरु जी महाराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार यादव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रमोद यादव, बिहार प्रदेश अध्यक्ष विनय प्रताप सिंह और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अमीर राज पांडेय सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। जमुई पहुंचने पर सभी नेताओं का पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। मंच पर मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं का पारंपरिक तरीके से राम जी के नाम का अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर हिन्दू स्वाभिमान के बिहार प्रांत सम्पर्क प्रमुख अनूप गोस्वामी भी उपस्थित रहे। उन्होंने पार्टी के सिद्धांतों और राष्ट्र निर्माण में सनातन विचारधारा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्वजीत सिंह अनन्त ने कहा कि राष्ट्रीय सनातन पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि समाज को एकजुट कर भारत को पुनः “विश्व गुरु” के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी कट्टर हिंदुत्ववादी और राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि आज भारत को सांस्कृतिक एकता, धार्मिक गौरव और सामाजिक समरसता की आवश्यकता है, और रासपा उसी दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करवाना, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना, रोहिंग्या और अवैध बांग्लादेशियों को देश से हटाना और एक दंगा मुक्त भारत का निर्माण करना है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी का सदस्य वही बन सकता है जो सनातन धर्म, राष्ट्र और संस्कृति के प्रति निष्ठावान हो तथा कट्टर राष्ट्रवाद की भावना रखता हो। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य किरण देव गुरु जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति किसी व्यक्ति या समूह की नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के कल्याण की भावना रखती है। इसलिए देश के नागरिकों का कर्तव्य है कि वे अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा करें। बिहार प्रदेश अध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने कहा कि बिहार की भूमि ने हमेशा सामाजिक परिवर्तन और आध्यात्मिक क्रांति को दिशा दी है। जमुई जैसे जिलों से पार्टी अपने अभियान की शुरुआत कर रही है ताकि ग्रामीण इलाकों तक सनातन विचारधारा को पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अमीर राज पांडेय ने कहा कि बिहार और झारखंड दोनों राज्यों में रासपा का संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है। आने वाले महीनों में पार्टी सदस्यता अभियान शुरू करेगी, जिसमें केवल कट्टर राष्ट्रवादी और सनातन धर्मावलंबी लोगों को ही शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्वजीत सिंह अनन्त ने कहा कि पार्टी संविधान आधारित लोकतंत्र में विश्वास रखती है, लेकिन वह ऐसे संविधान की मांग करती है जो भारत की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक मूल्यों पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि रासपा का लक्ष्य है “धर्म के साथ राष्ट्र का उत्थान” और इसी उद्देश्य से पार्टी पूरे भारत में संगठन का विस्तार कर रही है।
0 Response to "राष्ट्रीय सनातन पार्टी के शीर्ष नेताओं का जमुई आगमन, हिन्दू राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रवाद पर जोर"
Post a Comment