
बिहार में बदलाव की मांग को लेकर जन सुराज पार्टी का हस्ताक्षर अभियान शुरू
Friday
Comment
जमुई, बिहार – बिहार में बदलाव की दिशा में एक अहम पहल करते हुए जन सुराज पार्टी ने शनिवार को जमुई में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य राज्य सरकार के अधूरे वादों के खिलाफ जनमत तैयार करना और जनता की आवाज़ को राज्यपाल तक पहुँचाना है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ललन जी, जो एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, का जमुई कार्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर एवं बुके भेंट कर उनका सम्मान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष ललन जी ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और सूत्रधार प्रशांत किशोर के नेतृत्व में संगठन को पूरे राज्य में मज़बूती दी जा रही है।
उन्होंने कहा, "जन सुराज पार्टी बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।" हस्ताक्षर अभियान के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह पहल बिहार सरकार के तीन प्रमुख वादों को पूरा न करने के विरोध में शुरू की गई है। पार्टी का लक्ष्य है कि एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जुटाकर उन्हें राज्यपाल को सौंपा जाएगा। यदि इसके बाद भी सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो पार्टी विधानसभा के अंतिम सत्र में व्यापक आंदोलन करेगी और प्रशांत किशोर के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी करेगी।
कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी शामिल रहे जिनमें जिलाध्यक्ष धर्मदेव यादव, अशोक सिन्हा, रुपेश सिंह, अनिल साह, संजीव सिंह, जमादार सिंह, मनीष शर्मा, भोली सिंह, दिनेश राम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। जन सुराज पार्टी का यह कदम आने वाले दिनों में बिहार की राजनीतिक फिज़ा को एक नई दिशा दे सकता है।
0 Response to "बिहार में बदलाव की मांग को लेकर जन सुराज पार्टी का हस्ताक्षर अभियान शुरू"
Post a Comment