150 युवाओं को रोजगार का मौका, 21 सितंबर से जिले में लगेंगे भर्ती कैंप
Saturday
Comment
जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर लेकर जिला नियोजन कार्यालय की ओर से विभिन्न प्रखंडों में भर्ती कैंप का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत कुल 150 पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 21 सितंबर से होगी और अलग-अलग प्रखंडों में निर्धारित तिथियों पर कैंप लगाए जाएंगे। जिला नियोजन पदाधिकारी की ओर से जारी पत्रांक 568 के अनुसार चकाई स्थित SIS Training Center में सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर और कैश कस्टोडियन के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसमें सिक्योरिटी गार्ड के 100, सुपरवाइजर के 20 और कैश कस्टोडियन के 30 पद शामिल हैं। भर्ती कैंप में शामिल होने के लिए सिक्योरिटी गार्ड पद के लिए 10वीं पास, जबकि सुपरवाइजर और कैश कस्टोडियन पद के लिए 12वीं पास होना आवश्यक है। सभी पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 13 हजार से 32 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलने की जानकारी दी गई है। जिला नियोजन कार्यालय के कार्यक्रम के अनुसार 21 सितंबर को सिकंदरा, 22 सितंबर को खैरा, 23 सितंबर को ई-अलीगंज, 26 सितंबर को सोनो, 28 सितंबर को लक्ष्मीपुर, 29 सितंबर को गिद्धौर, 30 सितंबर को झाझा, 1 अक्टूबर को बरहट, 3 अक्टूबर को चकाई और 5 अक्टूबर को जमुई प्रखंड में भर्ती कैंप लगाया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए NCS (नेशनल करियर सर्विस) पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य किया गया है। नियोजन कार्यालय ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर संबंधित प्रखंड में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हों। जिला नियोजन कार्यालय के अनुसार भर्ती कैंप का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए जिला नियोजन कार्यालय, जमुई से संपर्क कर सकते हैं।

0 Response to " 150 युवाओं को रोजगार का मौका, 21 सितंबर से जिले में लगेंगे भर्ती कैंप"
Post a Comment