खेत में कचरा फेंकने से रोकने पर मारपीट, लोहे की रॉड से हमला और मोबाइल छीनने का आरोप
Friday
Comment
खैरा थाना क्षेत्र के मिश्रा टोला में खेत में कचरा फेंकने से मना करने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में गौतम कुमार मिश्रा ने गांव के ही मुकेश कुमार मिश्रा, पंकज कुमार और पवन कुमार के खिलाफ खैरा थाना में आवेदन देकर मारपीट, जान से मारने की नीयत से हमला करने तथा मोबाइल फोन छीनने का आरोप लगाया है। थाना में दिए आवेदन के अनुसार, 18 सितंबर की सुबह करीब छह बजे कुछ लोग उनके खेत में कचरा फेंक रहे थे।
गौतम कुमार मिश्रा और उनके पिता ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर मुकेश कुमार मिश्रा अपने दोनों बेटों के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद पंकज कुमार और पवन कुमार ने कथित रूप से लोहे की रॉड, टांगी और लाठी से गौतम कुमार मिश्रा के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। आवेदन में मुकेश कुमार मिश्रा पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची गौतम की मां शकुंतला देवी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। वहीं, गौतम कुमार मिश्रा ने पंकज कुमार और पवन कुमार पर उनका मोबाइल फोन छीन लेने का भी आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार मोबाइल की कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है।
इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Response to " खेत में कचरा फेंकने से रोकने पर मारपीट, लोहे की रॉड से हमला और मोबाइल छीनने का आरोप"
Post a Comment