जमुई में बेखौफ बदमाश! बोधवन तालाब के पास महिला के गले से सोने की चेन झपटी, बाइक सवार फरार
Tuesday
Comment
जमुई। शहर के अतिव्यस्त बोधवन तालाब इलाके में सोमवार की देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने टहलकर घर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना रात करीब 9:30 बजे लिबर्टी शोरूम के समीप की बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान सदर अस्पताल के समीप महिसौड़ी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय अधिवक्ता सुधीर श्याम की पत्नी अनिता कुमारी के रूप में हुई है। अनिता कुमारी के अनुसार, वह रोज की तरह सोमवार की शाम अन्य महिलाओं के साथ बोधवन तालाब चौक की ओर टहलने गई थीं। रात करीब 9:30 बजे सभी महिलाएं पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान लिबर्टी शोरूम के पास पीछे से यामाहा FZ बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए चेन को दोनों हाथों से पकड़ लिया। छीना-झपटी में चेन टूट गई। चेन का कुछ हिस्सा महिला के हाथ में रह गया, जबकि बाकी हिस्सा लेकर दोनों बदमाश तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना के बाद महिला और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के था। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। गौर करने वाली बात है कि बीते दिनों जमुई शहर में सोने की दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार चोरी और झपटमारी की घटनाओं से शहर की सुरक्षा और पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ रही है।

0 Response to "जमुई में बेखौफ बदमाश! बोधवन तालाब के पास महिला के गले से सोने की चेन झपटी, बाइक सवार फरार"
Post a Comment