राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेलों से गुलजार हुआ जमुई, क्रिकेट से लेकर कबड्डी और कराटे तक खिलाड़ियों ने दिखाया दम
Saturday
Comment
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी के दिशा-निर्देश में शनिवार को पूरे जमुई जिले में विभिन्न खेल संगठनों के सहयोग से कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो और कराटे सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करना, युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और स्थानीय स्तर पर उभर रही खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा। इसी क्रम में जिला खेल पदाधिकारी परिमल के नेतृत्व में स्थानीय खेल भवन परिसर में राष्ट्रीय खेल दिवस का मुख्य समारोह आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति के माहौल में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के गायन के साथ हुई।इसके बाद महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में खैरा उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, खैरा पंचायत के मुखिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद खेल भवन परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और बेहतर खेल भावना का परिचय दिया। इस दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने राज्य सरकार की खेल प्रोत्साहन नीतियों तथा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की सराहना की। आयोजन के माध्यम से जिले के युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का संदेश दिया गया।

0 Response to "राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेलों से गुलजार हुआ जमुई, क्रिकेट से लेकर कबड्डी और कराटे तक खिलाड़ियों ने दिखाया दम"
Post a Comment