-->
 तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, दो किशोरियों की मौत, छह घायल

तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, दो किशोरियों की मौत, छह घायल



जिले के सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसा धरसंडा मोड़ के समीप सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। सभी श्रद्धालु नवरात्र के अवसर पर मां नेतुला मंदिर में दर्शन-पूजन कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवादा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के पचमहुआ गांव की आठ-नौ लड़कियां और बच्चे तड़के कुमार गांव स्थित प्रसिद्ध मां नेतुला मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। दर्शन के बाद सभी पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान धरसंडा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में 13 वर्षीय सुलेखा कुमारी और 16 वर्षीय अंशु कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार लड़कियां और दो बच्चे घायल हो गए। हादसे में घायल छह लोगों में से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया। अन्य दो बच्चियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक और ट्रक का पता लगाने में जुटी है। दो किशोरियों की मौत की खबर मिलते ही पचमहुआ गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने धरसंडा मोड़ और सिकंदरा मुख्य चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इसके कारण करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।हादसे के बाद नवरात्र के दौरान मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नवरात्र के अवसर पर तड़के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल मां नेतुला मंदिर जाते हैं। इसके बावजूद मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखता। ग्रामीणों ने सुबह के समय पुलिस गश्त बढ़ाने, भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

0 Response to " तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, दो किशोरियों की मौत, छह घायल"

Post a Comment

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article