पत्नेश्वर मंदिर के नीचे दुकान पर हुआ विवाद; धक्का लगने से जमीन पर गिरी महिला, अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध पत्नेश्वर मंदिर के नीचे पुराने बकाये पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव निवासी लक्ष्मी पंडित की पत्नी मंजू देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंजू देवी अपने पुत्र मंटू पंडित के साथ पत्नेश्वर मंदिर के नीचे दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। मंटू पंडित ठंडा पानी और चाय बेचता था, जबकि मंजू देवी श्रृंगार सामग्री और बच्चों के खिलौने की दुकान चलाती थीं। बताया गया कि दुकान पर पुराने बकाये पैसे को लेकर मंटू पंडित और पतौना गांव निवासी रामू मांझी, पिता इंद्रदेव मांझी, के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पैसे मांगने को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अपने बेटे को मारपीट में फंसा देखकर मंजू देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान उन्हें जोरदार धक्का लगा, जिससे वह जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन और स्थानीय दुकानदार उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद परिवार में मातम के साथ आक्रोश का माहौल है। इधर, घटना की सूचना मिलने पर मलयपुर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से प्राप्त लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
0 Response to "बकाया पैसे के विवाद में 55 वर्षीय महिला की मौत, बेटे को बचाने पहुंची थी मां"
0 Response to "बकाया पैसे के विवाद में 55 वर्षीय महिला की मौत, बेटे को बचाने पहुंची थी मां"
Post a Comment