जीरो ऑफिस डे पर जीविका कर्मियों का क्षेत्र भ्रमण, सामुदायिक संगठनों की कार्य-प्रगति का लिया जायजा
Friday
Comment
जमुई। जीविका के तत्वावधान में 2 एवं 3 जुलाई को 'जीरो ऑफिस डे' (शून्य कार्यालय दिवस) के तहत जिले के सभी जीविका प्रबंधकों एवं कर्मियों ने अपने-अपने आवंटित पंचायतों का सघन क्षेत्र भ्रमण किया। अभियान का उद्देश्य कार्यालयी कार्यों से बाहर निकलकर जमीनी स्तर पर संचालित स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), ग्राम संगठन एवं संकुल संघों की गतिविधियों का आकलन करना तथा उनकी आवश्यकताओं को समझना था। इस दौरान जीविका कर्मियों ने विभिन्न सामुदायिक संगठनों की बैठकों में भाग लेकर उनकी कार्य-प्रगति की समीक्षा की। साथ ही संगठन की मजबूती, आजीविका गतिविधियों के विस्तार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर सुझाव दिए। भ्रमण के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन भी तैयार किया गया, ताकि भविष्य की योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके। इसी क्रम में शुक्रवार को पटना से आए राज्य परियोजना प्रबंधक (सूचना प्रबंधन) सह जिला मेंटर प्रेम प्रकाश ने जमुई सदर प्रखंड के भजौर स्थित भारत संकुल संघ का दौरा किया। उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने प्रीति जीविका महिला ग्राम संगठन, कृष्णा स्वयं सहायता समूह तथा वैष्णो स्वयं सहायता समूह की बैठकों में भाग लेकर महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। राज्य परियोजना प्रबंधक ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्वाभिमान दीदी का सिलाई घर, सदर अस्पताल में संचालित दीदी की रसोई तथा जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। दो दिवसीय कार्यक्रम में जिला कार्यालय से संचार प्रबंधक सह प्रखंड मेंटर सुनीता कुमारी, एसजेवाई नोडल हरिकांत कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी किरण कुमारी, प्रभारी बीपीएम (जमुई सदर) दिनेश कुमार दास, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ सुमित कुमार सिन्हा, राहुल कुमार, कंचन विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

0 Response to "जीरो ऑफिस डे पर जीविका कर्मियों का क्षेत्र भ्रमण, सामुदायिक संगठनों की कार्य-प्रगति का लिया जायजा"
Post a Comment