जमुई में मणि द्वीप अकादमी के नए छात्रावासों का उद्घाटन, मंत्री श्रेयसी सिंह ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
Saturday
Comment
शहर स्थित मणि द्वीप अकादमी में शनिवार को बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने नवनिर्मित वातानुकूलित छात्र-छात्रा छात्रावासों एवं अत्याधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का उद्घाटन किया। विद्यालय पहुंचने पर परेड एवं बैंड दल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जबकि करीब दो हजार विद्यार्थियों ने तालियों और जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मंत्री ने सबसे पहले 80 छात्राओं की क्षमता वाले वातानुकूलित बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण कर मनोरंजन कक्ष, भोजनालय, आधुनिक वॉशरूम सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके बाद श्रेयसी सिंह ने विद्यालय के डांस एवं जिम कक्ष का उद्घाटन किया, जहां एक साथ लगभग 100 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने 200 विद्यार्थियों की क्षमता वाले वातानुकूलित बालक छात्रावास का भी लोकार्पण किया तथा वहां की स्वच्छता, अनुशासन और आधुनिक व्यवस्था की प्रशंसा की।
मल्टीपरपज हॉल में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने छात्राओं से बातचीत करते हुए कहा कि "बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए त्याग, अनुशासन और कठिन मेहनत जरूरी है। समय का सही उपयोग करें तथा पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाए रखें।" उन्होंने अपने खिलाड़ी जीवन से लेकर मंत्री बनने तक के अनुभव भी साझा किए। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अभिषेक कुमार भगत ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं मंत्री ने विद्यालय की प्राचार्या नीवा रानी की अनुशासन एवं स्वच्छता के लिए विशेष रूप से सराहना की।
कार्यक्रम में निदेशक राजेंद्र प्रसाद भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केशरी, जिला सचिव बृजनन्दन सिंह, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, विभिन्न विद्यालयों के निदेशक, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




0 Response to "जमुई में मणि द्वीप अकादमी के नए छात्रावासों का उद्घाटन, मंत्री श्रेयसी सिंह ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र"
Post a Comment