जमुई पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार
जमुई। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमुई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब एक करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी में संलिप्त होने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रदीप थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी 23 वर्षीय आलोक कुमार, पिता राम विलास यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक संगठित साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और विभिन्न माध्यमों से लोगों को झांसा देकर आर्थिक अपराध को अंजाम देता था। साइबर थाना जमुई, सिकंदरा थाना एवं चंद्रदीप थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में लगभग एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है। इस मामले में साइबर थाना जमुई कांड संख्या 29/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 66, 66बी, 66सी और 66डी के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूछताछ के दौरान गिरोह के नेटवर्क और कार्यप्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी सामने आई हैं। जमुई पुलिस ने आम लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल या डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें। पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही है।
0 Response to "जमुई पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार"
Post a Comment