जमुई में सशक्त स्थायी समिति चुनाव 30 मई को, प्रशासन ने जारी किया कार्यक्रम
Friday
Comment
जमुई। नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। समाहरणालय, जमुई द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर परिषद जमुई, नगर परिषद झाझा एवं नगर पंचायत सिकंदरा में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन 30 मई 2026 को कराया जाएगा। जारी आदेश में बताया गया है कि नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में पूर्व में स्थगित निर्वाचन प्रक्रिया को पुनः शुरू किया गया है। इसके तहत नाम निर्देशन से लेकर मतदान, मतगणना एवं शपथ ग्रहण तक की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन संपन्न होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन सुबह 8:00 बजे से 10:30 बजे तक, संवीक्षा 10:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा अभ्यर्थिता वापसी 11:30 बजे से 12:00 बजे तक होगी। इसके बाद मतदान की तैयारी दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे तक की जाएगी। मतदान अपराह्न 1:00 बजे से 3:00 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना, निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण एवं निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

0 Response to "जमुई में सशक्त स्थायी समिति चुनाव 30 मई को, प्रशासन ने जारी किया कार्यक्रम"
Post a Comment