नक्सल प्रभावित गुरमाहा-चोरमारा में विकास की नई पहल, प्रशासनिक टीम ने किया सघन दौरा
Sunday
Comment
जिला पदाधिकारी श्री नवीन के निर्देश पर बरहट प्रखंड के सुदूर और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे गुरमाहा एवं चोरमारा गांवों में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की जमीनी वास्तविकताओं, भौगोलिक चुनौतियों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा इन गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। निरीक्षण के दौरान शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने गुरमाहा और चोरमारा में नए विद्यालय भवन निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र स्थापना और लिफ्ट इरिगेशन योजना की संभावनाओं का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में मौजूद प्राकृतिक झरने और गर्म पानी के स्रोत को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने ‘भट्ठा बाबा’ स्थल पर मंदिर निर्माण और पर्यटन सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों को आगामी विकास योजना में शामिल करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह, कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी, प्रभारी पर्यटन पदाधिकारी विकेश कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि इस क्षेत्र के विकास से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

0 Response to "नक्सल प्रभावित गुरमाहा-चोरमारा में विकास की नई पहल, प्रशासनिक टीम ने किया सघन दौरा"
Post a Comment