बिहार में उद्योग निवेश की अपार संभावनाएं : राज्यपाल
Saturday
Comment
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में आयोजित व्यवसायिक समागम में उद्योग, व्यापार, निवेश और विकास को लेकर विस्तृत परिचर्चा हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन सैयद अता हसनैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संजय सरावगी, संजीव चौरसिया, अशोक कुमार अग्रवाल एवं श्रेयसी सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से हुई। इसके बाद चैंबर के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बिहार में उद्योग स्थापना की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार ऐतिहासिक, धार्मिक और औद्योगिक दृष्टि से असीम संभावनाओं वाला राज्य है। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय, बोधगया, राजगीर और पटना जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार निवेशकों के लिए बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है।
शताब्दी वर्ष के अवसर पर चैंबर से जुड़े वरिष्ठ सहयोगियों को राज्यपाल के हाथों सम्मानित भी किया गया। दूसरे सत्र में अतिथियों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया। संजय सरावगी ने कहा कि उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए मजबूत कानून व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की निवेश और फूड प्रोसेसिंग नीति से देशभर के उद्योगपति आकर्षित हो रहे हैं। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्यमियों को बिहार में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य में उद्योग-धंधों की अपार संभावनाएं हैं और सरकार हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि नए उद्योगों से युवाओं को रोजगार मिलेगा तथा पलायन पर रोक लगेगी। इस दौरान जमुई चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील कुमार बरनवाल एवं सचिव नितेश कुमार केसरी ने उद्योग मंत्री को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा एक मांग पत्र भी सौंपा। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष अमित कुमार, पूर्व अध्यक्ष नीतीश कुमार, वरिष्ठ व्यवसायी राजीव रंजन भालोटिया एवं समाजसेवी श्रीकांत केसरी सहित कई व्यवसायी उपस्थित रहे।


0 Response to "बिहार में उद्योग निवेश की अपार संभावनाएं : राज्यपाल"
Post a Comment