जमुई में सोलर मेला सह लोन मेला आयोजित, डीएम ने किया शुभारंभ, सौर ऊर्जा अपनाने की अपील
Wednesday
Comment
जिला समाहरणालय सभाकक्ष में सौर ऊर्जा के प्रचार-प्रसार और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से सोलर मेला सह लोन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले उपभोक्ताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सौर ऊर्जा आज के समय की आवश्यकता है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण होता है, बल्कि बिजली बिल में भी कमी आती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक सौर ऊर्जा को अपनाएं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सरकार सब्सिडी और आसान ऋण की सुविधा दे रही है, जिससे आम लोग कम लागत में अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं। इससे ऊर्जा की बचत के साथ-साथ भविष्य के लिए सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचे और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं के साथ संवाद भी किया गया, जिसमें लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। अंत में विद्युत एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के अधिकारियों द्वारा तकनीकी सत्र आयोजित कर सब्सिडी, बैंक लोन और सोलर पैनल के रख-रखाव से संबंधित जानकारी दी गई। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।

0 Response to "जमुई में सोलर मेला सह लोन मेला आयोजित, डीएम ने किया शुभारंभ, सौर ऊर्जा अपनाने की अपील"
Post a Comment