महिसौड़ी चौक पर तीन अपराधियों ने की गोलीबारी, पुलिस ने मौके से कारतूस व खोखा किया बरामद
जमुई में किशोर पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान; इलाके में दहशत
जमुई। टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत महिसौड़ी चौक इलाके में गुरुवार की शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बेखौफ अपराधियों ने एक किशोर पर गोली चला दी। घटना रिलायंस मॉल और बी-मार्ट के बीच करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। हालांकि गोली युवक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन की संख्या में आए अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग की ओर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की तीन गाड़ियां और टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा, एक मिस फायर गोली और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके बाद पीड़ित युवक को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया। पीड़ित की पहचान महिसौड़ी चौक निवासी गोपी सिंह के 15 वर्षीय पुत्र अंबर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनका अपने ही गोतिया के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के बाद आरोपी अतिथि पैलेस चौक की दिशा में फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
0 Response to "महिसौड़ी चौक पर तीन अपराधियों ने की गोलीबारी, पुलिस ने मौके से कारतूस व खोखा किया बरामद"
Post a Comment