बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत जमुई पहुंचे प्रशांत किशोर, शिक्षा व रोजगार पर उठाए सवाल
Thursday
Comment
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर गुरुवार को ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत जमुई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के टीपी सिंह रोड स्थित न्यू द्वारिका विवाह भवन में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों की स्थिति, रोजगार और पलायन जैसे गंभीर मुद्दों में सुधार की उम्मीद कम है, क्योंकि जनता ने इन विषयों पर वोट नहीं दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “जिस मुद्दे पर जनता वोट नहीं देती, वह प्राथमिकता में नहीं आता। उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिवसीय उपवास रखा था। उस समय पार्टी ने नई सरकार को अपने वादे पूरे करने के लिए छह महीने का समय देने की घोषणा की थी। इसके बाद अब ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। नेताओं पर तंज, कहा—‘बबूल बोएंगे तो आम नहीं मिलेगा’ प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी, मंगल पांडेय और सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि जन सुराज ने चुनाव से पहले इन नेताओं की सच्चाई जनता के सामने रखी थी, इसके बावजूद जनता ने उन्हें ही चुन लिया। उन्होंने कहा, “हम केवल तथ्य रख सकते हैं, लेकिन उसे स्वीकार करना जनता के हाथ में है। अगर बबूल बोएंगे तो आम कहां से मिलेगा।” उन्होंने आगे कहा कि यदि भ्रष्ट नेताओं को सत्ता सौंपी जाएगी, तो भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा बल्कि आने वाले समय में और बढ़ेगा।
पांच वर्षों तक चलेगा अभियान प्रशांत किशोर ने बताया कि बिहार नवनिर्माण अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। इसके लिए वे राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।

0 Response to "बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत जमुई पहुंचे प्रशांत किशोर, शिक्षा व रोजगार पर उठाए सवाल"
Post a Comment