जमुई में दिनदहाड़े ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या
Tuesday
Comment
जमुई जिले में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला टाउन थाना क्षेत्र के जमुई-लखीसराय मार्ग स्थित लखनधनमा, काकन गांव के जखराज स्थान के पास का है, जहां दिनदहाड़े ऑटो चालक अशोक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45-50 वर्षीय अशोक यादव, पिता बैजनाथ यादव, निवासी मुसहरी के रूप में हुई है। वह टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के अनुसार, अशोक यादव रोज की तरह सवारी लेकर निकले थे। कुछ जानकारी के मुताबिक वह सवारी छोड़कर लौट रहे थे, जबकि दूसरी जानकारी के अनुसार वह चौक पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे और उन्हें पकड़कर कनपट्टी में सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी सिकंदरा-हलसी रोड की ओर फरार हो गए। मौके से गोली के खोखे भी बरामद किए गए हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनके पीछे पत्नी, चार बेटियां और एक बेटा है। परिवार पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। वहीं, मृतक की छोटी बेटी ने एक व्यक्ति पर शक जताया है, जो पिछले कुछ दिनों से घर के आसपास घूमता देखा गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन हत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हाल के दिनों में जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।


0 Response to "जमुई में दिनदहाड़े ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या"
Post a Comment