युवा बोलेगा’ कार्यक्रम को लेकर लोजपा (रामविलास) ने की बैठक, जमुई से बड़ी संख्या में युवाओं को पटना ले जाने की तैयारी
Wednesday
Comment
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के आह्वान पर आगामी 24 सितंबर को पटना के वेटनरी कॉलेज परिसर में आयोजित ‘युवा बोलेगा’ कार्यक्रम को लेकर जमुई में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को शहर के एक निजी विवाह भवन में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों एवं युवाओं की भागीदारी को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह सिकंदरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रवि शंकर पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर जमुई लोकसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा पटना पहुंचेंगे। इसके लिए जिले के सभी प्रखंडों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं तक कार्यक्रम का उद्देश्य पहुंचाने और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। पूर्व जिला अध्यक्ष रूबेन सिंह ने कहा कि 24 सितंबर के कार्यक्रम में जमुई से करीब 10 हजार छात्र एवं युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी प्रखंडों का दौरा कर स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों में युवाओं से संपर्क किया जाएगा और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जाएगी। प्रदेश महासचिव सह तारापुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंदन सिंह ने कहा कि सभी दस प्रखंडों में जाकर युवाओं एवं छात्रों को कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवा अपने नेता चिराग पासवान से सीधे रूबरू होकर उनके विचारों को सुन सकें, इसके लिए अधिक से अधिक युवाओं को पटना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। लोजपा नेता शिबू सिंह ने कहा कि अभियान को केवल प्रखंड स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि विधानसभा, पंचायत और गांव स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। जिला मीडिया प्रभारी मुन्ना सिंह ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जमुई लोकसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर लगातार समन्वय किया जा रहा है।
राहुल भवेश ने कहा कि युवाओं के बीच कार्यक्रम को लेकर जानकारी पहुंचाई जा रही है। प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर अधिक से अधिक युवाओं को पटना पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। आईटी सेल जिला अध्यक्ष गुंजन तिवारी ने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों से भी युवाओं तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में जमुई की मजबूत भागीदारी रहेगी। खैरा प्रखंड अध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर गांव-गांव तक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से 24 सितंबर को पटना पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। छात्र नेता हरे राम रावत ने कहा कि छात्र एवं युवा बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र हित से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखने के लिए युवा वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। संजीत पासवान एवं गणेश यादव ने भी कार्यक्रम में जमुई से अधिक से अधिक छात्र एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से मिलकर अभियान चलाने की बात कही। बैठक में नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में प्रखंड, पंचायत और गांव स्तर पर जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को लेकर आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।


0 Response to "युवा बोलेगा’ कार्यक्रम को लेकर लोजपा (रामविलास) ने की बैठक, जमुई से बड़ी संख्या में युवाओं को पटना ले जाने की तैयारी"
Post a Comment