पानी बहाने के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन भाइयों को लगी गोली
Wednesday
Comment
बक्सर। जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में मंगलवार की शाम पानी बहाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें तीन सगे भाइयों को गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना के दौरान करीब 100 राउंड फायरिंग होने का दावा किया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार, पवन तिवारी मंगलवार की शाम अपने मवेशियों को चारा खिलाने जा रहे थे। इसी दौरान पानी बहाने को लेकर पाटीदार पक्ष के लोगों से उनका विवाद हो गया।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के कारण मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। घायल बुल्लू तिवारी के आरोप के अनुसार, जयप्रकाश तिवारी, मनीष तिवारी, चुन्नू तिवारी, श्रीमन नारायण तिवारी और श्याम नारायण तिवारी समेत अन्य लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पवन तिवारी की कमर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें बचाने पहुंचे उनके भाई बृजमोहन तिवारी के पैर में तथा बुल्लू तिवारी के पेट में गोली लग गई। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना को लेकर घायलों ने आरोप लगाया है कि सीता देवी और जानकी देवी भी पिस्टल लेकर फायरिंग कर रही थीं। वहीं, श्याम सुंदर तिवारी पर लोगों को उकसाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव पांडेय भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने देर रात करीब 12 बजे तक गांव में रहकर मामले की जांच की।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पाटीदारों के बीच आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

0 Response to " पानी बहाने के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन भाइयों को लगी गोली"
Post a Comment