चंद्रमंडीह में बढ़ते अपराध के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना जारी, दूसरे दिन सीपीआई ने दिया समर्थन
Tuesday
Comment
भाकपा (माले) और आदिवासी संघर्ष मोर्चा के संयुक्त आह्वान पर चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने समर्थन दिया। सीपीआई राज्य परिषद सदस्य गजाधर रजक धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन किया। गजाधर रजक ने कहा कि चंद्रमंडीह क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस संरक्षण में अपराध होने के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में जल्द शांति बहाल की जाए। भाकपा (माले) के जिला सचिव शंभूशरण सिंह ने कहा कि चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से लोग भय और दहशत में हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में बसबुटिया, चौफला, सगदनीडीह, गोरिडीह सहित कई स्थानों पर चोरी की दर्जनभर से अधिक घटनाएं हुई हैं। उनके अनुसार, अब तक अपराधियों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। धरनार्थियों ने चंद्रमंडीह थाना प्रभारी को निलंबित करने, आपराधिक घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने, आरोपित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा चैनल नैया के दरवाजे पर मिले शव से जुड़े मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। धरने की अध्यक्षता भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता सलीम अंसारी ने की, जबकि मंच संचालन कालू मरांडी ने किया। इस दौरान भाकपा (माले) राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह, वासुदेव राय, सीपीआई के वरिष्ठ नेता योगेंद्र रावत, माले नेता राहुल यादव, रुपन साह, मतला मरांडी, रमेश यादव, धर्मेंद्र मांझी, सुशील महतो, राशि मुर्मू, मुंसी मुर्मू, झिलिया देवी, धनेशरी देवी, विनोद हांसदा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

0 Response to "चंद्रमंडीह में बढ़ते अपराध के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना जारी, दूसरे दिन सीपीआई ने दिया समर्थन"
Post a Comment