PMFME योजना से बदली तस्वीर: DM ने किया ‘बंका केयर’ इकाई का निरीक्षण, युवाओं से कहा- नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें
Monday
Comment
केंद्र प्रायोजित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत स्थापित खाद्य प्रसंस्करण इकाई ‘बंका केयर’ का सोमवार को जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण किया। पुरानी बाजार स्थित इस इकाई में बेसन, सत्तू, आटा समेत विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, आधुनिक मशीनरी और पैकेजिंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने युवा उद्यमी कुंज बिहारी बंका के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सूक्ष्म उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उद्यमी बनने और रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। जानकारी के अनुसार 27 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस इकाई को बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 17.60 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही उद्यमी को सरकार की ओर से पूंजीगत सब्सिडी का लाभ भी मिला है।
DM ने कहा कि जमुई के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं और ‘बंका केयर’ जैसी इकाइयां यह साबित करती हैं कि इच्छाशक्ति और सरकारी सहयोग से सफल उद्योग स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे जिले में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जमुई खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में एक उभरते हुए मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित होगा। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिया कि स्वरोजगार और उद्योग स्थापना से जुड़े आवेदनों की जांच, बैंक समन्वय और ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सरल बनाया जाए। उन्होंने उद्यमी को उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, बेहतर ब्रांडिंग और मजबूत मार्केटिंग नेटवर्क विकसित करने की सलाह भी दी। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन स्थानीय युवाओं और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ‘बंका केयर’ जैसी इकाइयां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक मॉडल हैं
।

0 Response to "PMFME योजना से बदली तस्वीर: DM ने किया ‘बंका केयर’ इकाई का निरीक्षण, युवाओं से कहा- नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें"
Post a Comment